Ganesh Visarjan 2025: मुंबई पुलिस का मेगा प्लान, 21 हजार से ज्यादा जवान तैनात – 10,000 सीसीटीवी और 50 ड्रोन से होगी निगरानी

मुंबई, 6 सितम्बर:
मुंबई में गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर के 6,600 सार्वजनिक गणेश मंडल और करीब 1.5 लाख घरगुती गणपति का आज (6) सप्टेंबर विसर्जन होगा। लाखों भक्तों की भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस ने 21 हजार से अधिक अधिकारियों और जवानों की तैनाती की है।
सह पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। इस दौरान 12 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 40 डीसीपी, 3,000 पुलिस अधिकारी और 18,000 पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे। इसके अलावा, SRPF की 14 और CRPF की 4 टुकड़ियां भी तैनात की गई हैं। बॉम्ब डिस्पोज़ल स्क्वॉड (BDDS) और क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT) भी मुस्तैद रहेगी।
पूरे शहर की निगरानी 10,000 सीसीटीवी कैमरे और 50 से ज्यादा ड्रोन करेंगे। वहीं 400 गश्ती वाहन लगातार निगरानी में रहेंगे।
ट्रैफिक मैनेजमेंट
संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) अनिल कुंभार ने बताया कि ट्रैफिक जाम रोकने के लिए 4 डीसीपी, 8 एसीपी, 60 इंस्पेक्टर और 2,826 ट्रैफिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर होंगे। महाराष्ट्र सुरक्षा बल के 275 जवान और अनिरुद्ध बापू संस्था के 340 स्वयंसेवक उनकी मदद करेंगे। शहर में खराब गाड़ियों को हटाने के लिए 54 क्रेन और 52 ऑब्जर्वेशन टावर लगाए गए हैं। विसर्जन स्थलों पर 538 लाइफगार्ड भी तैनात रहेंगे।
AI टेक्नोलॉजी से सुरक्षा
मुंबई पुलिस इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लैस कैमरों का उपयोग कर रही है।
• हॉटस्पॉट विश्लेषण: जहां अपेक्षा से ज्यादा भीड़ होगी, वहां तुरंत अलर्ट मिलेगा।
• पैदल यात्री विश्लेषण: कैमरे सटीक भीड़ की संख्या बताएंगे।
• सुरक्षा निगरानी: कैमरे न केवल भक्तों, बल्कि पुलिस और स्वयंसेवकों की मौजूदगी पर भी नजर रखेंगे।
• क्राइम कंट्रोल: चोरी या संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत अलर्ट भेजा जाएगा।
मुंबई पुलिस का दावा है कि इस मेगा प्लान के जरिए गणेश विसर्जन उत्सव पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न होगा।