Keywords
Tags
Categories

मुंबई में ED का बड़ा एक्शन! 12 सरकारी अधिकारी जांच के घेरे में; साइबर ठगी गिरोह से मिलीभगत का शक

APMC Admin | November 10 , 2026 | News
ed-probes-12-mumbai-officials-cyber-fraud-network-28000-crore

28 हजार करोड़ के ट्रांजैक्शन का जाल! साइबर फ्रॉड केस में 12 मुंबई अधिकारी ED के निशाने पर

फ्रीज खाते खुलवाने का खेल! पुलिस, GST और आयकर विभाग के अधिकारी ED के रडार पर

मुंबई: देशभर में फैले साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जांच के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) को सरकारी अधिकारियों की कथित मिलीभगत के संकेत मिले हैं। मुंबई के 12 से अधिक सरकारी अधिकारी जांच एजेंसी के रडार पर हैं। इनमें साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच करने वाले पुलिस अधिकारी, आयकर विभाग और GST विभाग के कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं।

फ्रीज बैंक खाते दोबारा खुलवाने में मदद का आरोप

जांच एजेंसियों को संदेह है कि साइबर ठगी के जरिए जमा की गई रकम जिन बैंक खातों में पहुंचाई गई थी, पुलिस द्वारा उन खातों को फ्रीज किए जाने के बाद कुछ अधिकारियों ने उन्हें दोबारा खुलवाने में मदद की। इसके अलावा कुछ अधिकारियों पर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज नहीं करने और पीड़ितों को FIR के बजाय आंशिक रकम वापस लेकर समझौता करने के लिए प्रेरित करने का भी संदेह है।

गोवा के डिजिटल अरेस्ट मामले से खुला नेटवर्क

इस पूरे मामले की जांच की शुरुआत गोवा पुलिस द्वारा 9 जून 2025 को दर्ज FIR से हुई। एक महिला को TRAI और CBI अधिकारी बनकर साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया। वीडियो कॉल के जरिए महिला और उसके पति पर लगातार नजर रखी गई और उनसे अलग-अलग बैंक खातों में करीब 2.60 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवाए गए।

पैसों के लेन-देन की जांच करते हुए ED को करीब 400 बैंक खातों का नेटवर्क मिला। ये खाते कथित तौर पर कमोडिटी ट्रेडिंग, ट्रैवल और विदेशी मुद्रा कारोबार से जुड़ी कंपनियों के नाम पर संचालित किए जा रहे थे।

28 हजार करोड़ रुपये के लेन-देन की जांच

जांच में इस नेटवर्क से जुड़ी कंपनियों के बैंक खातों में करीब 28,000 करोड़ रुपये के लेन-देन और लगभग 2,900 करोड़ रुपये की नकद जमा राशि सामने आने की जानकारी है। देश के 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में दर्ज 330 साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों और 163 FIR से भी इस नेटवर्क के तार जुड़ने का संदेह है। इन मामलों में पीड़ितों को करीब 417.49 करोड़ रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है।

मुंबई के वकील की गिरफ्तारी के बाद जांच तेज

इस मामले में ED के पणजी जोनल कार्यालय ने 24 अक्टूबर को मुंबई के वकील रशेश भरतकुमार उपाध्याय उर्फ रशेश शाह को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसने साइबर फ्रॉड से जुड़े संदिग्धों के करीब 100 फ्रीज बैंक खाते दोबारा खुलवाने के लिए मध्यस्थता की। अधिकारियों तक अंगड़ियों के माध्यम से नकदी पहुंचाने की व्यवस्था करने का भी संदेह है।

अब ED गिरफ्तार वकील के संपर्कों, लेन-देन और संबंधित सरकारी अधिकारियों के साथ कथित बातचीत की जांच कर रही है। देशभर में कुल 23 सरकारी अधिकारियों की भूमिका जांच के दायरे में बताई जा रही है।

फिलहाल इन अधिकारियों की भूमिका की जांच जारी है। किसी भी अधिकारी के खिलाफ आरोप साबित होना अभी बाकी है।

Video Stream





advertise